Hindi News / हरियाणा

हरियाणा में तीन दिन धीमी रहेगी मानसून की रफ्तार 20 जुलाई के बाद फिर तेज बारिश के आसार

Article Top Ad

हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम रहेगी। 20 जुलाई के बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है तथा यह हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रही है। इसी वजह से 20 जुलाई तक हरियाणा में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। इसके बाद ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने से बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।
हालांकि, उत्तर हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में बुधवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 में से 16 जिलों में गर्मी और उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, 19 जुलाई के बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad