लुधियाना ।शहर के व्यस्त हीरो बेकरी चौक के निकट स्थित जगजीत नगर क्वार्टर (फ्लैट) में बने एक गोदाम में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय गोदाम के अंदर एक महिला और उसका 3 वर्षीय बेटा फंस गए थे, लेकिन एक युवक की सूझबूझ और बहादुरी के चलते दोनों की जान बच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक दुकानदार ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। मौके पर पहुंचने पर उसे अंदर से महिला की मदद के लिए चीखें सुनाई दीं। जांच करने पर पता चला कि जिस कमरे में महिला और बच्चा मौजूद थे, उसके मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। युवक ने तत्काल पास पड़े लोहे के तवे की मदद से ताला तोड़ा और धुएं व आग के बीच कमरे में घुसकर महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की चपेट में आने से महिला के बाल और बाजू झुलस गए, जबकि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने युवक की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उसके साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।
हीरो बेकरी चौक के पास गोदाम में भीषण आग, युवक की बहादुरी से महिला व मासूम की बची जान
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad