Hindi News / ताजा खबर / पंजाब

पंजाब में 70 फीसदी नशा गुजरात से आता है, भाजपा ने बनाया नशों का गेटवे : केजरीवाल

Article Top Ad

लुधियाना ।आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पंजाब में आने वाले लगभग 70 प्रतिशत नशीले पदार्थ गुजरात के रास्ते पहुंचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित गुजरात देश में नशा तस्करी का प्रमुख गेटवे बन चुका है। लुधियाना में आयोजित “सरकार-व्यापार मिलनी” कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।केजरीवाल ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर निशाना साधते हुए उसे भाजपा का “जवाई” बताया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उसे संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर संस्कृति और नशे की समस्या पिछली सरकारों की देन है, जबकि मौजूदा सरकार ने नशा तस्करों की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया है। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के माध्यम से व्यापारियों को डराया और परेशान किया जा रहा है। केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले वर्ष भाजपा को पंजाब से 60 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जबकि आम आदमी पार्टी को केवल 70 लाख रुपये प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि राज्य में केवल आम आदमी पार्टी ही व्यापारियों और आम जनता के हितों की रक्षा कर सकती है। इस अवसर पर मनीष सिसोदिया, अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा सहित कई मंत्री, विधायक और व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad