* जनरल डायरी (जीडी) नंबर 12 को आधार बना शांति भंग करने के आरोप में भेजा जेल
होशियारपुर । टांडा पुलिस ने स्थानीय निकाय चुनावों में जीत के जश्न के बाद एक युवक को बिना एफआईआर दर्ज किए गिरफ्तार किया। पुलिस ने अरशदीप सिंह नामक युवक को कथित तौर पर आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू की बेअदबी करने और आपत्तिजनक नारेबाजी करने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 30 मई को थाना टांडा में दर्ज जनरल डायरी (जीडी) नंबर 12 में उल्लेख किया गया है कि वार्ड-1 से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की जीत के बाद मनाए जा रहे जश्न के दौरान कुछ लोगो ने आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू का बेअदबी की और पराजित उम्मीदवार के खिलाफ नारेबाजी की। जिससे क्षेत्र में तनाव पैदा होने और शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई। इसी आधार पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धाराओं 126 और 170 के तहत कार्रवाई शुरू की। अगले दिन अरशदीप सिंह को हिरासत में लेकर कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसकी अगली पेशी 2 जून को निर्धारित की गई है। थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने पुष्टि की कि अरशदीप सिंह या किसी अन्य नामजद व्यक्ति के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई है ताकि कानून-व्यवस्था की किसी भी संभावित समस्या को रोका जा सके। वहीं, अरशदीप के परिवार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। परिवार का कहना है कि वह केवल चुनावी जीत की खुशी मनाने के लिए वहां मौजूद था और समर्थकों में लड्डू बांट रहा था। पारविारिक सदस्यों ने अरशदीप की तरफ से किसी पार्टी के चुनाव चिन्ह की बेअदबी करने, उसे नुकसान पहुंचाने या किसी राजनीतिक विरोधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोपों को निराधार बताया है।
