Hindi News / पंजाब / मुख्य खबर

*सेंट्रल जेल में खूनी हमला, हवालाती पर एक दर्जन कैदियों ने किया जानलेवा वार

Article Top Ad

लुधियाना : शहर की सेंट्रल जेल सोमवार देर शाम उस समय दहशत और अफरा-तफरी का केंद्र बन गई, जब एक हवालाती युवक पर करीब एक दर्जन कैदियों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने नुकीली वस्तु से युवक पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और घायल को तुरंत जेल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर देर रात उसे सिविल अस्पताल लुधियाना रेफर करना पड़ा। घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय मनरोज निवासी समराला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनरोज को करीब 20 दिन पहले समराला पुलिस ने एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेजा था। अस्पताल में उपचार के दौरान मनरोज ने बताया कि सोमवार शाम वह सेंट्रल बैरक नंबर-6 के बाहर खड़ा था। इसी दौरान अचानक करीब एक दर्जन युवक उसकी ओर दौड़ते हुए आए और बिना किसी चेतावनी के उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने नुकीली वस्तु से उसके सिर, चेहरे, पेट और छाती पर कई वार किए। मनरोज के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे जेल पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे हमलावरों से छुड़ाया। डॉक्टरों के अनुसार घायल के शरीर पर आधा दर्जन से अधिक गहरे घाव पाए गए हैं और उसे दो दर्जन से ज्यादा टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। घटना की सूचना जेल प्रशासन द्वारा थाना डिवीजन नंबर-7 पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा हमला करने वाले कैदियों की पहचान की जा रही है। जेल के भीतर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad