विदेश में बैठे पति-पत्नी के इशारे पर की थी वारदात, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
*मोगा।* मोगा पुलिस ने सदर थाना परिसर में हुए बम धमाके के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस वारदात के 3 मुख्य आरोपियों समेत कुल 17 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक 9 एमएम पिस्टल और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी बरामद की गई है। फरीदकोट रेंज की IG नीलांबरी जगदाले विजय (IPS)* ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई की तड़के मोटरसाइकिल पर सवार 3 अज्ञात युवकों ने थाना सदर मोगा में बम जैसा पदार्थ फेंककर इमारत के अंदर धमाका कर दिया था और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। तभी से पुलिस की कई टीमें इस मामले की जांच में जुटी थीं।
# विदेशी लिंक का खुलासा*
IG ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने बम धमाके के 3 मुख्य आरोपियों *गगन उर्फ काली निवासी ढेरू, राजेश उर्फ खन्ना निवासी लाल कुड़ती और शुभम उर्फ भिंदर निवासी कोतवाली फिरोजपुर* को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विदेश में रह रहे पति-पत्नी *अमन और परवीन कौर* के निर्देशों पर पंजाब में इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि *इकबाल सिंह उर्फ रवि ढालीवाल और कुलजीत कौर* के कहने पर उन्होंने थाने के अंदर यह धमाका किया था।
#14 अन्य साथी भी दबोचे*
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर उनके 14 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है। इस मौके पर *जिला पुलिस प्रमुख सरताज सिंह चहल* और *SP जांच बाल कृष्ण* समेत जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और विदेश में बैठे आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।