खरड़। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने खरड़ स्थित पाश सोसायटी वेस्टर्न टावर में वीरवार सुबह करीब 7 बजे दबिश दी। ईडी ने यह रेड आईटी कारोबारी नितिन नाम शख्स के निवास पर की। इस दौरान किसी अज्ञात शख्स ने वेस्टर्न टावर की 9वीं मंजिल के पीछे की तरफ से काले रंग का नोटो से भरा एक बैग नीचे फेंक दिया। बैग जमीन पर गिरते ही खुल गया और उसमें से 500-500 रुपये के नोट चारों तरफ बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार अज्ञात गाड़ी का ड्राइवर बैग लोकर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली और चंडीगढ़ से पहुंची ईडी की संयुक्त टीम ने सुबह 7 बजे कार्रवाई शुरू की। खबर लिखे जाने तक ईडी की तरफ से फ्लैट के अंदर दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि छापेमारी के दौरान सबूत छिपाने या नकदी को बाहर निकालने की कोशिश में यह बैग फेंका गया हो सकता है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक बरामद नकदी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक ईडी की यह कार्रवाई कथित वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े मामले में की गई है।
