चंडीगढ़/लुधियाना । जालंधर और मोहाली के बाद अब लुधियाना भी इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) अपनाने वाला पंजाब का तीसरा शहर बन गया है। इस अत्याधुनिक प्रणाली का उद्घाटन पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को मजबूत करने के लिए 259 स्थानों पर करीब 1700 हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। आईटीएमएस के तहत शहर के 46 प्रमुख स्थानों पर ऐसी तकनीक स्थापित की गई है, जो 9 प्रकार के ट्रैफिक उल्लंघनों की स्वतः पहचान करने में सक्षम है। इनमें लाल बत्ती पार करना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में ड्राइविंग, तीन सवारी बैठाना और गलत पार्किंग जैसी प्रमुख गतिविधियां शामिल हैं। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि आईसीसीसी परियोजना निवारक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस सेंटर में ट्रैफिक, पीसीआर, सेफ सिटी और वायरलेस जैसी विभिन्न इकाइयों को एक ही छत के नीचे लाया गया है, जिससे पुलिस के कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे पीसीआर की प्रतिक्रिया समय भी 15 मिनट से घटकर 7-8 मिनट रह गया है इस दौरान लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा और डीआईजी सतिंदर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ बैठक में जन शिकायतों के त्वरित और नागरिक-केंद्रित समाधान पर विशेष जोर दिया गया अपने दौरे के दौरान डीजीपी ने पुलिस लाइंस में आयोजित ‘वड्डे खाने’ में 550 से अधिक पुलिस कर्मियों के साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस बल में एकता, सहयोग और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित हो सकें।
