चंडीगढ़। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी शाहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क तक पहुंचने के लिए मंगलवार को पंजाब और हरियाणा में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। एजेंसी की टीमों ने दोनों राज्यों के 9 जिलों में एक साथ 18 ठिकानों पर दबिश देकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। NIA अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई शाहजाद भट्टी से जुड़े तीन अलग-अलग आतंकी-गैंगस्टर मामलों की जांच के तहत की गई। तलाशी के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। एजेंसी ने संचार नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारियां भी एकत्र की हैं। जांच में सामने आया है कि मार्च 2025 में जालंधर स्थित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के पीछे शाहजाद भट्टी की भूमिका थी। इस मामले में NIA पहले ही उसे फरार आरोपी घोषित कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इसके अलावा नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा महिला थाना परिसर में हुए विस्फोट और जनवरी 2026 में अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में हुए कार बम धमाके की साजिश में भी शाहजाद भट्टी का नाम सामने आया है। एजेंसी का दावा है कि इन घटनाओं के तार पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और स्थानीय सहयोगियों से जुड़े हुए हैं। NIA ने कहा कि जब्त किए गए साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। एजेंसी का लक्ष्य आतंकियों, गैंगस्टरों, फंडिंग नेटवर्क और उनके स्थानीय सहयोगियों के पूरे तंत्र का पर्दाफाश कर देश विरोधी गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार करना है।
