** डीसीपी हरपाल सिंह बोले, अपराध और नशा मुक्त शहर बनाने तक अभियान रहेगा जारी
लुधियाना । महानगर में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार 3.0’ के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ की गई व्यापक छापेमारी के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक आरोपियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार, पिस्तौलें, नशीली गोलियां, हेरोइन (चिट्टा) तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। डीसीपी **हरपाल सिंह** ने बताया कि पूरे महानगर को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर विशेष पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, नशा तस्करी के ठिकानों और संदिग्ध स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई, जिससे किसी भी आरोपी को फरार होने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि लंबे समय से फरार चल रहे कई वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की गिरफ्तारी रही। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इनके ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों से बरामद हथियारों और नशीले पदार्थों के संबंध में अलग-अलग मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीसीपी हरपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पंजाब और पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार लुधियाना को अपराध एवं नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से **’ऑपरेशन प्रहार’** आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।