लखनऊ । दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में बम होने की सूचना से रविवार को हड़कंप मच गया। विमान संख्या 6ई 6650 को एहतियातन लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और एयरलाइंस प्रबंधन अलर्ट मोड पर आ गए। जानकारी के अनुसार इंडिगो का यह विमान दिल्ली से बागडोगरा के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान विमान में बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारने का निर्णय लिया गया। विमान के लखनऊ पहुंचते ही रनवे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए। लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने विमान को चारों ओर से घेर लिया। बम निरोधक दस्ता, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया। यात्रियों की बारीकी से स्कैनिंग की गई और उनके सामान की भी जांच शुरू की गई।
दिल्ली से बागडोगरा जा रहे विमान को बम से उड़ाने की धमकी, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad