# चंडीगढ़ में लगाई गई ‘जनता की विधानसभा’, सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप
चंडीगढ़ । पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के बीच पंजाब भाजपा ने बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पार्टी कार्यालय के पास ‘जनता की विधानसभा’ आयोजित कर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी, कर्मचारियों की उपेक्षा और जनहित के मुद्दों पर विफल रहने के आरोप लगाए। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री का विधानसभा में कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचना लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक और काला दिन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर जल्द ही पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात करेगा। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियां अपना रही है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, भाजपा के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विधायक संदीप जाखड़ ने मांग की कि सभी विधायकों का नार्को टेस्ट कराया जाए और उनकी संपत्तियों की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। वहीं, सांसद विक्रमजीत साहनी ने कहा कि राज्यसभा सदस्यों को ‘गद्दार’ कहना उचित नहीं है।
