लुधियाना । दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच), लुधियाना के ऑर्थोपेडिक्स विभाग में कंसल्टेंट डॉ. अनुभव शर्मा का चयन न्यूयॉर्क, अमेरिका स्थित विश्व-प्रसिद्ध मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर (एमएसकेसीसी) में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फैलोशिप के लिए हुआ है। एमएसकेसीसी को कैंसर उपचार और अनुसंधान के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी संस्थानों में शामिल माना जाता है।यह फैलोशिप अत्यंत प्रतिस्पर्धी मानी जाती है, जिसमें चयन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता, क्लीनिकल अनुभव, शोध कार्य, पेशेवर उपलब्धियों और विषय ज्ञान का गहन मूल्यांकन किया जाता है। साक्षात्कार और विस्तृत बातचीत के बाद ही योग्य उम्मीदवारों को इस कार्यक्रम के लिए चुना जाता है। डॉ. शर्मा का यह चयन उनकी चिकित्सकीय उत्कृष्टता, समर्पण और विशेष ऑर्थोपेडिक देखभाल को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। न्यूयॉर्क में अपने कार्यकाल के दौरान वे वैश्विक विशेषज्ञों के साथ मिलकर कार्य करेंगे तथा ऑर्थोपेडिक्स और ऑर्थोपेडिक ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम सर्जिकल तकनीकों और नवाचारों का अध्ययन करेंगे इस अंतरराष्ट्रीय अनुभव से डीएमसीएच को विश्वस्तरीय विशेषज्ञता मिलने की उम्मीद है, जिससे मरीजों को और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही, यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक और चिकित्सकीय उत्कृष्टता को भी नई दिशा देगी । डॉ. अनुभव शर्मा ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और उनका लक्ष्य इस अनुभव को भारत लौटकर मरीजों के हित में उपयोग करना है। डीएमसीएच के सचिव बिपिन गुप्ता और प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. वांडर ने उन्हें बधाई देते हुए इसे संस्थान और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
