लुधियाना। पंजाब कैमिस्ट एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक में ऑनलाइन दवा कंपनियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए 20 मई को राज्यव्यापी सांकेतिक हड़ताल करने की घोषणा की। आनलाइन बिक्री के विरोध में इस दिन प्रदेश की सभी होलसेल दवा मंडियां पूरी तरह बंद रहेंगी। बैठक में पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला प्रधानों और पदाधिक्कारियों ने सर्वसम्मति से हड़ताल का समर्थन किया। एसोसिएशन के नेताओं ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा कंपनियां नियमों की अनदेखी कर बिना डाक्टर की पर्ची के दवाइयां बेच रही हैं, जिससे लोगों की सेहत खतरे में पड़ रही है। उनका कहना था कि आनलाइन प्लेटफार्म मरीजों की पर्चियों और पहचान की सही जांच नहीं करते, जिससे नशीली दवाओं के दुरुपयोग का खतरा बढ़ रहा है। कैमिस्ट एसोसिएशन ने कहा कि रिटेल दवा विक्रेताओं पर सख्त नियम लागू हैं, जबकि ऑनलाइन कंपनियों पर पर्याप्त निगरानी नहीं है। एसोसिएशन ने पंजाब सरकार और स्वास्थ्य विभाग से ऑनलाइन दवा कंपनियों पर सख्त नियम लागू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
