लुधियाना। पंजाब कांग्रेस के सचिव रमेश जोशी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर राज्य में लोकपाल (लोकायुक्त) की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। पंजाब में लोकपाल का पद अक्टूबर 2025 से खाली पड़ा है, जब तत्कालीन लोकपाल जस्टिस विनोद कुमार शर्मा सेवानिवृत्त हुए थे। रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार जानबूझकर लोकपाल की नियुक्ति नहीं कर रही ताकि सरकार के मंत्रियों, विधायकों और प्रभावशाली नेताओं पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच न हो सके। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने खुद को ईमानदार राजनीति का प्रतीक बताया था और भ्रष्टाचार खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए थे। आज वही सरकार लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। लोकपाल जनता को न्याय दिलाने और सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही तय करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि सरकार वास्तव में पारदर्शिता चाहती है तो तुरन्त नए लोकपाल की नियुक्तिकरे। रमेश जोशी ने कहा कि पंजाब में लगातार भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अनियमितताओं और सत्ता के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन लोकपाल का पद खाली होने के कारण लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा। सरकार अपने भ्रष्ट मंत्रियों और विधायकों को बचाने के लिए इस नियुक्ति को टाल रही है।
