लुधियाना। जिला भाजपा प्रधान रजनीश धीमान, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष जतिन्द्र मितल, रविवार देर शाम भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में गए कैलाश नगर मंडल के पूर्व भाजपा अध्यक्ष मनु अरोड़ा के निवास पर उन्हें मनाने के लिए पंहुचे। इस अवसर पर उनके साथ डा.निर्मल नैय्यर और आर.एस.एस के प्रचारक भी उपस्थित रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला भाजपा प्रधान रजनीश धीमान, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष जतिन्द्र मितल ने मनु अरोड़ा की घर वापसी के लिए भरसक प्रयास करते हुए कहा वह पार्टी में लौट आए उन्हें पार्टी के भीतर पूरा मान-सम्मान मिलेगा। दूसरी तरफ मन ुअरोड़ा ने भी जवाब में कहा कि वह जब तक भाजपा में रहे तब तक उसी पार्टी के वफादार रहे। अब वह घर लौटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस की बेहतरी ही उनका लक्ष्य है। वर्णनीय है कि मनु अरोड़ा ने पिछले नगर-निगम चुनाव में वार्ड-3 से भाजपा टिकट न मिलने पर आजाद प्रत्याशी के तौर चुनाव मैदान में उतर कर दूसरा स्थान हासिल किया था। बीती 29 मार्च को मनु अरोड़ा साथियो सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडि़ंग और जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय तलवाड़ की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
