चंडीगढ़ । पंजाब की राजनीति में शनिवार सुबह उस समय हलचल तेज हो गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर पहुंची। सेक्टर-2 स्थित कोठी पर ईडी अधिकारियों ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ मौके पर पहुंची और दस्तावेजों के साथ इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच में जुट गई। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई हाल ही में मोहाली के खरड़ क्षेत्र में हुई ईडी की छापेमारी से जुड़ी मानी जा रही है। जांच का फोकस बिल्डरों और प्रॉपर्टी लेन-देन से संबंधित कुछ मामलों पर बताया जा रहा है। हालांकि ईडी की ओर से अभी तक इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जानकारी के मुताबिक मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना स्थित ठिकानों पर भी पहले ईडी कार्रवाई कर चुकी है। अब चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर हुई ताजा रेड के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल ईडी अधिकारी आवास के भीतर दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं और मामले को लेकर सभी की नजरें आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
