चंडीगढ़ । पंजाब सरकार ने ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के मंत्रालयों का पुनर्वितरण कर दिया है। सरकार ने उनके तीन अहम विभाग अलग-अलग मंत्रियों को सौंपते हुए प्रशासनिक कामकाज को सुचारू रखने की कोशिश की है। इस संबंध में पंजाब सरकार की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत कैबिनेट मंत्री Tarunpreet Singh Sond को पावर एवं ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शिक्षा मंत्री Harjot Singh Bains को स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा उद्योग विभाग अब कैबिनेट मंत्री Aman Arora संभालेंगे। गौरतलब है कि लोकल बॉडी और उद्योग जैसे महत्वपूर्ण विभाग पहले मुख्यमंत्री Bhagwant Mann खुद देख चुके हैं। सरकार के भीतर अमन अरोड़ा को मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के बाद सबसे प्रभावशाली मंत्रियों में गिना जाता है। ऐसे में उद्योग विभाग मिलने को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। वहीं हरजोत सिंह बैंस पहले से ही स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, भाषा, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग संभाल रहे हैं। अब लोकल बॉडी विभाग जुड़ने से उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इस फेरबदल को सरकार की रणनीतिक प्रशासनिक कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।