* केवल ढिल्लो बोले 2027 में पंजाब में खिलेगा कमल का फूल
चंडीगढ़ । पंजाब भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव कर बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लो का नाम पंजाब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने लिखित में ढिल्लो को अध्यक्ष पद सौंपने का पत्र जारी किया। वर्तमान अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन वर्षीय कार्यकाल जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है। पार्टी प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर केवल ढिल्लो को अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। विधानसभा चुनाव-2027 में भाजपा नेतृत्व पंजाब में सिख चेहरे को आगे लाकर पार्टी की पकड़ मजबूत करना चाहता है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और आरएसएस से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी सिख नेता को प्रदेश की कमान देने की पैरवी कई बार पार्टी नेतृत्व के समक्ष की थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पंजाब में पार्टी कार्यक्रमों के दौरान सिख नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर दिया है। 75 वर्षीय केवल सिंह ढिल्लो का लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। वे 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रहे और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के करीबी माने जाते हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। बाद में उन्हें पंजाब भाजपा का उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। राजनीतिक विशेषज्ञो का कहना है कि ढिल्लो के नेतृत्व में भाजपा को मालवा क्षेत्र में मजबूत होकर उभरेगी।