* कैदियों और हवालातियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश*
लुधियाना । जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, लुधियाना मैडम हरप्रीत कौर रंधावा ने केंद्रीय जेल, बोरस्टल जेल तथा महिला जेल लुधियाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेलों में बंद हवालातियों और कैदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान जेल सुपरिटेंडेंट्स की मौजूदगी में विभिन्न बैरकों का दौरा किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कैदियों को पेश आ रही परेशानियों संबंधी जानकारी ली और मौके पर ही जेल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने को कहा। मैडम हरप्रीत कौर रंधावा ने जेल बंदियों को बताया कि जो कैदी अपने मामलों की पैरवी के लिए निजी स्तर पर वकील नियुक्त करने में सक्षम नहीं हैं, वे जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, लुधियाना से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जेलों में स्थापित लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से कैदी कानूनी सहायता के लिए आवेदन फार्म भर सकते हैं और अपने मामलों में सहायता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने जेल प्रशासन को जेलों में पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सुधारात्मक कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए। इस अवसर पर हिमांशु अरोड़ा, चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट-कम-सेक्रेटरी, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, लुधियाना, मैडम पवलीन सिंह, चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, लुधियाना तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य भी उपस्थित रहे।
