डेरा सचखंड बल्लां में पावन दर्शन कर लिया आशीर्वाद * जलियांवाला बाग में शहीदों को किया नमन
अमृतसर । केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को केसरिया दस्तार सजा आस्था की डोर से बंधकर गुरु नगरी अमृतसर पहुंचे। उन्होने सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब नतमस्तक होकर देश की सुख-शांति, पंजाब की चढ़दी कला और अपनी पार्टी के विस्तार के साथ-साथ सरबत के भले की अरदास की। दरबार साहिब में नतमस्तक होने के उपरांत पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दरबार साहिब के दर्शन कर मुझे नई ऊर्जा और आत्मिक शांति मिलती है। आज मुझे उससे भी ज्यादा ऊर्जा की जरूरत है क्योंकि हमारी पार्टी अब देशभर में संगठन विस्तार के बड़े अभियान पर निकली है। पंजाब को अपना ननिहाल बताते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा पंजाब से उनका पारिवारिक रिश्ता है। चिराग ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और उनके पिता स्व. रामविलास पासवान का सपना था कि पार्टी देश के हर कोने में मजबूत हो। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पार्टी अलग-अलग राज्यों में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। पंजाब इस अभियान का अहम हिस्सा होगा और आने वाले समय में यहां पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। पंजाब की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल तीनों ही सरकारें राज्य को विकास की सही दिशा देने में नाकाम रही हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दे आज भी पीछे हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर देने की बजाय उन्हें नशे जैसी गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी विकास, रोजगार, सुशासन और नई सोच के मुद्दों को लेकर पंजाब की जनता के बीच जाएगी। जंतर-मंतर पर कोकरेज पार्टी की तरफ से चल रहे विरोध प्रर्दशन पर चर्चा करते हुए उन्होने कहा कुछ राजनितिक दल इस प्रर्दशन का स्वार्थो की पूर्ति के लिए इस्तेमाल कर रहे है। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.पी चौधरी, पंजाब कन्वीनर बावा रविन्द्र पाल सिंह व महासचिव संदीप थापर सहित अन्य भी उपस्थित रहे।