लुधियाना/खन्ना : पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाबी गायक Harbir Singh Sohal को 5.1 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.50 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक महिंद्रा थार गाड़ी भी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद पंजाब के संगीत जगत और अपराध जगत में हलचल मच गई है।खन्ना के एसएसपी Darpan Ahluwalia ने बताया कि यह सफलता डोराहा पुलिस द्वारा 7 मार्च को दर्ज किए गए पुराने ड्रग तस्करी मामले की जांच के दौरान मिली। पुलिस ने पहले एक चेकिंग अभियान के दौरान लुधियाना की ओर से आ रही एक कार को रोका, जिसमें से शिमलापुरी निवासी अक्षय कुमार को 301 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके पास से 268 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन, 10 ग्राम आईस ड्रग, 30 जिंदा कारतूस और ड्रग मनी भी बरामद की जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल और संजीव कुमार उर्फ सन्नी के साथ मिलकर विभिन्न इलाकों में नशे की सप्लाई करते थे। बाद में संजीव की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि विदेश में बैठे जतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी, गुरजंत सिंह उर्फ जट्टा और गायक हरबीर सिंह सोहल बड़े स्तर पर नशा तस्करी नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, हरबीर सिंह सोहल पहले भी गैंगस्टर Jaipal Bhullar का करीबी रह चुका है और वर्ष 2022 में अवैध हथियारों व रंगदारी मामले में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
