सुल्तानपुर । जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शादी के जुलूस के दौरान बजाए गए तेज डीजे ने एक अजीब और चौंकाने वाली घटना को जन्म दे दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि तय सीमा से अधिक तेज आवाज के कारण पोल्ट्री फार्म में मौजूद 140 मुर्गियों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने माना है कि अत्यधिक शोर से मुर्गियां गहरे तनाव में आ गईं और उन्हें हार्ट अटैक हो गया। यह घटना 25 अप्रैल की है, जब बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी थी। कुड़वार क्षेत्र से आई बारात गांव में डीजे के साथ निकली थी। इसी दौरान बारात साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से गुजरी। तेज आवाज और लगातार बजते डीजे से फार्म में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मुर्गियां बुरी तरह घबरा गईं और एक के बाद एक उनकी मौत होने लगी। पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर अली ने आरोप लगाया कि कान फोड़ देने वाली आवाज के कारण मुर्गियों ने भारी तनाव झेला। उन्होंने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजनारायण सिंह ने बताया कि डीजे की आवाज निर्धारित मानक से काफी ज्यादा थी। पुलिस ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर भविष्य में ध्वनि सीमा का पालन करने की हिदायत दी है।
