* मनरेगा बचाने के लिए कांग्रेस 8 जनवरी को शुरु करेगी गुरदासपुर से आंदोलन
लुधियाना। कांग्रेसी सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना (मनरेगा) को बचाने के लिए पंजाब में जन आंदोलन शुरु करने की घोषणा की। कांग्रेस की तरफ से 8 जनवरी को गुरदासपुर से शुरु हुआ प्रथम चरण का आंदोलन खडूर साहिब में 3 फरवरी को खत्म होगा। इस दौरान टांडा, बलाचौर, समराला, राजपुरा, संगरूर, बाघा पुराणा, गुरहरसराय व खडूर साहिब में प्रदर्शनो के साथ-साथ कांग्रेस भाजपा नेताओ के घरों का घेराव करेगी। उपरोक्त जानकारी राजा वडिंग ने सोमवार को लुधियाना में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होने केंद्र सरकार की तरफ से मनरेगा को बंद करके वीबी जी राम जी योजना लागू करने का विरोध करते हुए कहा मनरेगा से गरीब के घर में चूल्हा जलता है। केंद्र सरकार ने गरीब का चूल्हा बुझाने की तैयारी कर लाखो लोगो से आजीवका छीनने के प्रयत्न कर रही है। मनरेगा को कांग्रेस की देन बताते हुए उन्होने कहा भाजपा राजनितिक लाभ के लिए मनरेगा पर भगवान राम के नाम का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा के साथ-साथ राजा वडि़ंग ने आम आदमी पार्टी की तरफ से पंजाब में मनरेगा को लागू करने पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा आप सरकार भाजपा के नए कानून की आड़ में छिपने की कोशिश कर रही है। पिछले वर्षो में मनरेगा के 42 प्रतिशत लोगों को ही काम मिला। सिर्फ 1 प्रतिशत लोगों को 100 दिन का काम मिला। राज्य सरकार अपने शासनकाल में मनरेगा मे अपने हिस्से का 10 प्रतिशत भी नहीं दे पाई तो अब नए कानून के अनुसार 40 प्रतिशत कैसे दे पाएगी। इस अवसर पर लुधियाना शहरी कांग्रेस अध्यक्ष संजय तलवाड़, देहाती कांग्रेस अध्यक्ष मेजर सिंह मुल्लापुर, पूर्व मंत्री मलकीत सिंह दाखा, पूर्व मंत्री राकेश पांडे, पूर्व विधायक सुरिन्द्र डाबर, कुलदीप वैद्य, सिमरजीत सिंह बैंस, बलविन्द्र सिंह बैंस, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पवन दीवान व के के बावा सहित अन्य भी उपस्थित रहे।