* एक हैंड ग्रेनेड, दो 30 बोर के पिस्तौल, जिंदा कारतूस व लैपटाप बरामद
पटियाला । शंभू के पास रेलवे ट्रैक पर देर रात हुए विस्फोट मामले में पटियाला पुलिस ने खालिस्तान समर्थक चार लोगो को गिरफ्तार किया। पुलिस के आरोपियो के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, दो 30 बोर के पिस्तौल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, आधुनिक संचार उपकरण और एक लैपटाप बरामद हुआ। आरोपियो की पहचान मानसा निवासी प्रदीप सिंह खालसा , कुलविन्द्र सिंह, तरणतारन निवासी सतनाम सिंह और गोइंदवाल गुरप्रीत सिंह निवासी के रूप में हुई। यह खुलासा डी.आई.जी. पटियाला रेंज कुलदीप चाहल और एस.एस.पी. पटियाला वरुण शर्मा ने मंगलवार को प्रैस कांफ्रैंस के दौरान किया। पुलिस के अनुसार आरोपी शंभू के पास रेलवे ट्रैक पर देर रात हुए विस्फोट के लिए जिम्मेदार थे। आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। डी.आई.जी. कुलदीप चाहल ने बताया कि प्रदीप सिंह खालसा घटना को अंजाम देने वालों का मुख्य सरगना था। वह मलेशिया स्थित खालिस्तान समर्थक आतंकियों और पाकिस्तान आधारित हथियार सप्लायरों के संपर्क में था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वह युवाओं को आतंकी प्रशिक्षण के लिए मलेशिया भेजता था और वापस आने के बाद उन्हें आतंकी गतिविधियों में लगाया जाता था। उसने ‘चलदा वहीर चक्रवर्ती अटारिए’ नाम से एक अलगाववादी संगठन भी बना रखा था। एस.एस.पी. वरुण शर्मा ने कहा कि आरोपी सार्वजनिक ढांचे और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। वर्णनीय है कि सोमवार की देर रात शंभू के रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट को अंजाम देने वाले जगरुप सिंह नामक शख्स की मृत्यु हो गई थी।
