#.. ईंधन कीमतों में भारी उछाल से होटल, रेस्टोरेंट और आम उपभोक्ताओं पर असर
नई दिल्ली। देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद महंगाई बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की बड़ी वृद्धि कर दी है। इसके साथ ही 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 261 रुपये का इजाफा किया गया है। नई कीमतों के बाद दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2078.50 रुपये से बढ़कर 3071.50 रुपये पहुंच गया है। वहीं 5 किलो वाला सिलेंडर अब 549 रुपये की जगह 810 रुपये में मिलेगा। हालांकि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलो एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस महंगी होने से होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा। चाय, समोसे और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई है। दिल्ली में एटीएफ की कीमत बढ़कर 1511.86 डॉलर प्रति किलोलीटर हो गई है। सूत्रों के अनुसार कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों और पश्चिम एशिया में तनाव के चलते सरकार जल्द ही पेट्रोल-डीजल और घरेलू एलपीजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर सकती है। माना जा रहा है कि पेट्रोल और डीजल 4 से 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो सकते हैं, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 40 से 50 रुपये तक की वृद्धि संभव है।
