फगवाड़ा। फगवाड़ा-होशियारपुर रोड स्थित सुधीर स्वीट शॉप पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। घटना सोमवार प्रात: करीब 7 बजे की है। गोलियां लगने से दुकान के बाहर लगे शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पंहुचे पुलिस अधिकारियो ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज कब्जे में लेकर जांच आरम्भ कर दी। घटना स्थल से पुलिस के चले हुए 6-7 कारतूस बरामद हुए। कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है । वहीं स्वीट शॉप के मालिक से भी किसी प्रकार की धमकी तो नहीं मिली की जानकारी ली जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वीट शाप के मालिक राजिन्द्र का बेटा सोमवार सुबह कैश काऊंटर पर मौजूद था। इस दौरान दोपहिया वाहन सवार तीन अज्ञात लोगो ने फायरिंग शुरु कर दी। घटना के समय दुकान पर काम करने वाले कारीगर व कुछ ग्राहक भी मौजूद थे। वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सोमप्रकाश भी घटना स्थल पंहुचे।