राष्ट्रीय भाजपा नेता सुखमिन्द्रपाल सिंह ग्रेवाल ने पंजाब में नशे से जुड़े मामलों के तेज़ निपटारे के लिए केंद्र सरकार से विशेष नारकोटिक्स अदालत स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह अदालत सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की देखरेख में काम करे और एनडीपीएस मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर अनिवार्य किया जाए।
ग्रेवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भेजे आग्रह में कहा कि धीमी न्यायिक प्रक्रिया का फायदा उठाकर नशा तस्कर जमानत पर बाहर आ जाते हैं और जेल से बाहर निकलते ही फिर से नेटवर्क सक्रिय कर देते हैं, जिससे पंजाब में नशा खत्म करना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर विषय बन चुका है।
भाजपा नेता ने पंजाब पुलिस के भीतर मौजूद “काली भेड़ों” पर भी निशाना साधा और कहा कि विभाग में बड़े स्तर पर आंतरिक क्लीन-अप अभियान चलाया जाना चाहिए। किसी भी अधिकारी की नशा तस्करी में प्रत्यक्ष या परोक्ष भूमिका पाए जाने पर उसे तुरंत निलंबित कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
