जयपुर। इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन कौंसिल ने विश्व प्रसिद्ध एवन साइकिल्स को इंडिया एक्सपोर्ट एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। जयपुर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह के दौरान अवार्ड दिया गया। एवन ग्रुप को भारत में साइकिल और साइकिल पाट्र्स के निर्माण में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए मीडियम कैटेगरी ग्रुप के तहत साइकिल और साइकिल पाट्र्स कैटेगरी में एक स्टार परफॉर्मर के रूप में सम्मानित किया गया है। वर्ष-1952 में स्थापित एवन साइकिल्स को पूरे भारत और यूरोप में एक प्रीमियम ग्लोबल लेबल के रूप में पहचाना जाता है। एवन साइकिल के सी.एम.डी ओंकार पाहवा ने कहा यह पुरस्कार नवाचार, स्थिरता और वैश्विक विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में भारत की स्थिति को मजबूत करने के प्रति एवन साइकिल्स की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। पाहवा ने बताया कंपनी ने 2024-25 में 3.0 मिलियन साइकिल का उत्पादन किया। जो घरेलू मांग और अंतर्राष्ट्रीय निर्यात दोनों को पूरा करती हैं। एवन साइकिल यूरोप में अग्रणी ग्लोबल लेबल के लिए एक प्रीमियम (ओईएम) के रूप में मान्यता दी गई है, जो सालाना 150,000 से अधिक साइकिल निर्यात करती है। वहीं एवन कई अफ्रीकी देशों में एक सुस्थापित और सम्मानित ब्रांड के रुप में विख्यात है। जो हर साल दो लाख से अधिक साइकिल निर्यात करता है। एवन साइकिल का लक्ष्य अपनी दीर्घकालिक वैश्विक विकास रणनीति के तहत 2027 तक यूएसडी 25 मिलियन का निर्यात राजस्व हासिल करना है।