लुधियाना । आज पवित्र रमजान शरीफ के अलविदा जुम्मा के मौके पर फील्डगंज चौंक स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में हजारों मुस्लमानों ने नमाज अदा की। इस मौके पर संबोधित करते हुए पंजाब के शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि रमजान शरीफ का महीना अल्लाह ताआला से इश्क और मोहब्बत का महीना है। इस मुबारक महीने में बंदा खुदा और उसके रसूल सल्ललाहु अलैहीवसल्लम से अपने इश्क का इकाहार करते हुए गुनाहों से तौबा करता है। मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि रमजान के कुछ रोजे अभी बाकी है, हमें चाहिए कि इस समय की खूब कद्र करे और ज्यादा से ज्यादा इबादत में लगे रहे। खुले दिल से गरीबों की मदद करें, क्योंकि खुदा ने हमें देने वालों में रखा है ना कि लेने वालों में। मौलाना उसमान ने कहा कि आपसी रंजिशों को खत्म करके एक-दूसरे से मोहब्बत का इकाहार करे। उन्होनें कहा कि मुसलमान इस आग उगलती गर्मी में भी तकरीबन 14 घंटे भूखा-प्यासा रह कर अपने रब के हुक्म का पालन करता है।
