जालंधर। आदमपुर के समीप स्थित अलावलपुर रोड पर पुलिस और शूटर के बीच शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया। आरोपी की पहचान भुलत्थ के रहने वाले मुख्य शूटर लवप्रीत उर्फ लवी के रुप में हुई। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी 19 दिसम्बर किशन गढ़ चौक के पास बरिसटा कैफे के पास सैंट सोल्जर कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुए विवाद में चली गोली के ंमामले में वांछित था। इस मामले में पेट्रोल पंप के बाहर 3 कारों में सवार अज्ञात लोगो ने फायरिंग कर 2 लोगों को घायल कर दिया था। गुप्त सूचना मिलने पर शुक्रवार को पुलिस पार्टी ने नाकाबंदी कर आरोपी को प्रात: करीब 9.15 रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके हाथ पर गोली लगी। पुलिस पार्टी ने उसे तुरन्त हिरासत में लेकर इलाज के सिविल अस्पताल पंहुचाया। पुलिस को आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल मिली। इस मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियो जतिन्द्र और रक्षित के पहले गिरफ्तार कर चुकी है।